भाजपा उत्तरी मंडल जिलाध्यक्ष बनी नीलम, शशिधर को दक्षिणी की कमान


समस्तीपुर : भाजपा जिला कार्यालय में साेमवार को स्थानीय पदधारकों की बैठक हुई. इसमें सर्वसम्मति से स्थानीय वरिष्ठ कार्यकर्ता नीलम सहनी को समस्तीपुर जिला के उत्तरी मंडल और शशिधर झा को दक्षिणी मंडल का नया जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया. अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने की. उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश कमेटी की ओर से समस्तीपुर जिला में दो नये जिलाध्यक्ष का पद सृजित किया गया है. इसका उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाना है. भाजपा प्रदेश कमेटी के द्वारा क्षेत्रिय दृष्टिकोण से समस्तीपुर जिला को दो भागों में विभक्त किया गया. समस्तीपुर लोकसभा और हसनपुर विधानसभा क्षेत्र को उत्तरी मंडल एवं उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र को दक्षिणी मंडल का दर्जा दिया गया. दोनों क्षेत्र में दो अलग-अलग जिलाध्यक्ष काम करेंगे. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि समस्तीपुर में अब भाजपा और मजबूत बनेगी और 2025 में जिले के 10 विधानसभा में एनडीए जीत हासिल करेगी. प्रदेश महामंत्री शिवेश राम ने कहा कि जिला में पहली बार भाजपा महिला जिलाध्यक्ष बनने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महिला सशक्तिकरण का सपना और मजबूत हुआ है. मौके पर प्रभात ठाकुर, कामेश्वर सिंह, भीम साहु, सुशील चौधरी, राम सुमरन सिंह, रोसड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार पासवान, वरीय नेता चंद्रकांत चौधरी, मनोज गुप्ता, जयकृष्ण झा, सत्यवंत चौधरी, वीरेंद्र यादव, अमित सम्राट, कृष्ण गोपाल शर्मा, अरबिंद कुशवाहा, ठाकुर संग्राम सिंह मौजूद रहे.