उजियारपुर के बेलारी में युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

उजियारपुर : थाना क्षेत्र के बेलारी पंचायत के वार्ड दो निवासी बैजनाथ महतो के पुत्र विकास महतो (27) की मौत संदिग्ध परिस्थिति में बुधवार की रात हो गई. बताया गया है कि युवक देर शाम को बेलारी काली मंदिर के समीप सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा था. जानकारी होने पर स्वजन उठाकर उसे अपने घर ले गये. लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई है. सूचना पर उजियारपुर पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया. लोगों में यह भी चर्चा है कि युवक की मौत जहरीला पदार्थ पीने से हुई है. युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की जानकारी मिलने पर गुरुवार की सुबह दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मृतक के घर पहुंचे. स्थानीय लोगों व परिजनों से पूछताछ की. उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा. उधर, परिजनों के अनुसार बताया गया है कि मृतक भाई में अकेला था. मृतक दो बच्ची का पिता था. शव के समीप बिलखते बच्चों व परिजनों को देख लोग अपने आंसू रोकने में विफल थे. फिलहाल इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *