Uncategorised

गिरफ्तारी की मांग को ले निकाला कैंडिल मार्च

समस्तीपुर: जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के बंगराहा गांव के चर्चित ईशांत हत्याकांड में आरोपितों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. शनिवार की संध्या मृतक ईशांत को न्याय दिलाने और हत्यारोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों व परिजनों ने कैंडिल मार्च निकाला. हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़े तख्तियां लिए बड़ी संख्या में लोगों ने गांव की विभिन्न सड़कों पर शांतिपूर्वक मार्च किया. इस दौरान लोगों ने प्रशासन से हत्याकांड का शीघ्र खुलासा कर सभी दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना को एक माह से अधिक समय बीत चुका है.  अब तक मुख्य आरोपित कानून की गिरफ्त से बाहर है. जिससे लोगों में रोष व्याप्त है.गौरतलब है कि बंगराहा निवासी ईशांत रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था. काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला. घटना के करीब एक माह बाद उसका शव एक गहरे बोरवेल से बरामद हुआ. जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. परिजनों ने शुरू से ही इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की थी. कैंडिल मार्च के दौरान परिजनों ने कहा कि जब तक सभी हत्यारोपित गिरफ्तार नहीं हो जाते, तब तक उनका न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा. ग्रामीणों ने भी चेतावनी दी कि यदि पुलिस जल्द ठोस कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *