समस्तीपुर: कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिरसिंहपुर स्थित पंप के समीप तीन हमलावरों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी. करीब पांच राउंड गोली चलने की बात सामने आई है. हालांकि, युवक इस हमले में बाल-बाल बच गया. स्थानीय लोगों के अनुसार फूलहारा निवासी अमन कुमार सोमवार सुबह बिरसिंहपुर स्थित पंप के समीप थे. इसी दौरान तीन हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक गोली चलने से इलाके में दहशत फैल गई. अमन कुमार ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचाई. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दो हमलावरों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर हिरासत में ले लिया. दोनों को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया है. पकड़े गए आरोपितों की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलामेघ गांव निवासी रौशन कुमार और मो. फयाज के रूप में हुई है. वहीं, तीसरा हमलावर मौके से फरार हो गया. पुलिस घटनास्थल पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
वीरसिंहपुर चौक पर फायरिंग, ग्रामीणों ने दो को पकड़ पुलिस को साैंपा
