Uncategorised

पिकअप लदी 1546 लीटर विदेशी शराब जब्त

समस्तीपुर : मोहनपुर पुलिस ने दशहरा बालूपार गांव में गुप्त सूचना पर छापेमारी कर एक पिकअप वाहन से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है. इस दौरान पुलिस ने वाहन से 179 कार्टन में रखी 1546.56 लीटर विदेशी शराब जब्त की है. इस मामले में दो नामजद आरोपितों समेत दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में शराब तस्करी से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहनपुर थाना पुलिस को दशहरा बालूपार में शराब की खेप होने की सूचना मिली थी. इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी की. इस दौरान एक पिकअप वाहन पर लदी विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से 179 कार्टून में रखी कुल 1546.56 लीटर विदेशी शराब व पिकअप वैन को जब्त कर लिया. इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई. मोहनपुर थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि मामले में तेलगामा के अमित रंजन व बरैठा के कपिल राय को को नामजद व इसके अलावा दो से तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि बरामद विदेशी शराब कहां से लाई गई थी. इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी. साथ ही, इस तस्करी में अन्य लोगों की संलिप्तता व संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि अवैध शराब निर्माण व तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *