Uncategorised

आकाश कुमार का बिहार जूनियर फुटबॉल टीम में चयन

समस्तीपुर : छत्तीसगढ़ में 1 से 9 सितंबर तक आयोजित होने वाली डॉ. बी.सी. रॉय ट्रॉफी 2026 के ग्रुप-सी मुकाबलों के लिए समस्तीपुर के 14 वर्षीय युवा फुटबॉल खिलाड़ी आकाश कुमार का चयन बिहार टीम में हुआ है. गुरुवार को बिहार फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से जारी खिलाड़ी सूची में आकाश को 20 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. पिता अनिल कुमार एवं माता कुंती राय के पुत्र आकाश वर्ष 2024-25 में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण का प्रतिनिधित्व करते हुए यूथ लीग अंडर-13 में बिहार टीम की ओर से खेल चुके हैं. इस दौरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों में अपनी पहचान बनाई थी. अब आकाश एक बार फिर बिहार की जर्सी में मैदान पर उतरेंगे. छत्तीसगढ़ में होने वाले इन मुकाबलों में उनके प्रदर्शन पर समस्तीपुर के खेलप्रेमियों की निगाहें रहेंगी. आकाश के चयन पर परिजनों, प्रशिक्षकों एवं खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. परिजनों ने कहा कि कम उम्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर आकाश ने समस्तीपुर की युवा फुटबॉल प्रतिभा को राज्य स्तर पर नई पहचान दिलाई है.