प्रतिनिधि,समस्तीपुर: विभागीय नियमों की अनदेखी, निजी कोचिंग का संचालन, छात्रा का शारीरिक शोषण और उसके बाद छात्रा द्वारा आत्महत्या जैसे संगीन आरोपों के सामने आने पर जिला शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बान्दे उर्दू के विद्यालय अध्यापक संजय कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
क्या है पूरा मामला
?सोशल मीडिया के माध्यम से जिला शिक्षा कार्यालय को सूचना प्राप्त हुई थी कि सरकारी शिक्षक होते हुए भी संजय कुमार झा नियमों के खिलाफ जाकर निजी कोचिंग का संचालन कर रहे थे. आरोप है कि इस कोचिंग संस्थान में पढ़ने वाली एक छात्रा का उन्होंने शारीरिक शोषण किया, जिससे प्रताड़ित होकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया था. हालांकि, शिक्षक द्वारा नियत समय में कोई जवाब उपलब्ध नहीं कराया गया.नियमों का उल्लंघन और आपराधिक मानसिकताविभाग ने स्पष्ट किया कि एक सरकारी सेवक/शिक्षक के रूप में निजी कोचिंग चलाना और छात्रा का शारीरिक शोषण करना अत्यंत गंभीर आचरण हीनता, कर्तव्यहीनता, स्वेच्छाचारिता और आपराधिक मानसिकता को दर्शाता है. यह कृत्य बिहार विद्यालय अध्यापक नियमावली 2023 (यथा संशोधित) तथा बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली-1976 में निर्धारित नियमों का पूर्णतया उल्लंघन है.
निलंबन और विभागीय कार्रवाई
मामले के तथ्यों के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेशानुसार जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) ने शिक्षक संजय कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केन्द्र, बिथान निर्धारित किया गया है.
